जोन ‘ए’ बालिका वर्ग शतरंज प्रतियोगिता में युगम इंटरनेशनल स्कूल शीर्ष पर

 

 

  • डीपीएस कल्याणपुर में शतरंज का रोमांच, 13 स्कूलों की 65 छात्राओं ने दिखाई रणनीतिक प्रतिभा
  • डॉ. रिचा प्रकाश के नेतृत्व में सफल आयोजन, खेल भावना और बौद्धिक विकास पर जोर
  • पूर्व छात्रा श्रेया सक्सेना ने छात्राओं को अनुशासन और धैर्य का दिया संदेश
  • कानपुर चेस एसोसिएशन ने सराहा आयोजन, अंतिम राउंड्स में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

 

कानपुर, 13 मई।

दिल्ली पब्लिक स्कूल, कल्याणपुर में बुधवार को जोन ‘ए’ बालिका वर्ग (कक्षा 6 से 8) शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जोन ‘ए’ के 13 विद्यालयों की 65 छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता, रणनीतिक सोच और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता के शुरुआती राउंड्स में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

तीन राउंड की समाप्ति के बाद युगम इंटरनेशनल स्कूल 6 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहा। सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर ने 5 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर एवं पंडित दीन दयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय 4 अंकों के साथ प्रतिस्पर्धा में बने हुए हैं। वहीं डॉ. विरेंद्र स्वरूप कल्याणपुर, द चिन्टेल्स कल्याणपुर और गार्डेनिया पब्लिक स्कूल राहे की टीमों ने 3-3 अंक प्राप्त किए। प्रतियोगिता के चौथे और पांचवें राउंड के मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे, जिनमें विजेता टीमों का फैसला होगा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रिचा प्रकाश के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन गरिमामय माहौल में हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की पूर्व छात्रा सुश्री श्रेया सक्सेना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए अपने शतरंज करियर के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं बल्कि धैर्य, एकाग्रता और निर्णय क्षमता विकसित करने का माध्यम है। उनके प्रेरणादायक संबोधन ने प्रतिभागियों में नया उत्साह भर दिया।

इस अवसर पर कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव श्री दिलीप श्रीवास्तव ने विद्यालय द्वारा शतरंज को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीपीएस कल्याणपुर लगातार बौद्धिक खेलों को प्रोत्साहित कर नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है। प्रतियोगिता की चीफ ऑर्बिटर कुसुम शर्मा रहीं। आयोजन में विद्यालय के क्रीड़ा अधीक्षक श्री रमेश मिश्रा एवं वीरेश चतुर्वेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment