- गोरखपुर में होने वाली प्रतियोगिता में कानपुर का करेंगे प्रतिनिधित्व
- कड़ी मेहनत और अनुशासन से हासिल की बड़ी उपलब्धि
कानपुर, 12 मई।
शहर के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी देवांश गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंडर-14 राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर कानपुर का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता गोरखपुर में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
देवांश वर्तमान में सीलिंग हाउस पब्लिक स्कूल में कक्षा 8 के छात्र हैं और कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स अकैडमी में नियमित रूप से बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रहे हैं। अपने अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अकादमी के कोचों ने बताया कि देवांश शुरू से ही मेहनती खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया है।
देवांश के पिता डॉ. राजीव कुमार गुप्ता कार्डियोलॉजिस्ट तथा माता डॉ. ऋचा अग्रवाल एनेस्थीसियोलॉजिस्ट हैं। बेटे की इस सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर अकादमी के चेयरमैन डॉ. डी.सी. गुप्ता एवं चीफ हेड कोच शुशील गुप्ता ने देवांश को बधाई देते हुए कहा कि यह चयन उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि देवांश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर अकादमी और शहर का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर आर.के. गुप्ता, संजय प्रजापति, देविशा यादव, शरीब, गौरव सोनकर, आयुष, अथर्व एवं कोच अनुज कुमार गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अकादमी परिवार ने देवांश को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।