- शुभ आशीष ने जीता गोल्ड, आदर्श मेहरोत्रा, चेरी सिंह और रैना सिंह ने दिलाए सिल्वर; पार्थ खंडेलवाल चौथे स्थान पर रहे
कानपुर, 14 जुलाई।
स्पेशल ओलंपिक्स भारत द्वारा उत्तराखंड के देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश स्पेशल आइस स्केटिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए। टीम ने एक स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

शुभ आशीष ने जीता स्वर्ण पदक
उत्तर प्रदेश टीम के खिलाड़ी शुभ आशीष ने 111 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। इसके अलावा उन्होंने 333 मीटर रेस में कांस्य पदक भी अपने नाम किया और दो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे।

आदर्श, चेरी और रैना ने भी किया शानदार प्रदर्शन
टीम के आदर्श मेहरोत्रा ने 111 मीटर स्पर्धा में रजत तथा 222 मीटर में कांस्य पदक जीता। वहीं गर्ल्स वर्ग में रैना सिंह ने 111 मीटर में रजत और 222 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया। चेरी सिंह ने 333 मीटर स्पर्धा में रजत तथा 500 मीटर में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। टीम के एक अन्य खिलाड़ी पार्थ खंडेलवाल ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।
कोच और खिलाड़ियों को मिली बधाई
उत्तर प्रदेश टीम की इस उपलब्धि पर कानपुर कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी. डी., संयुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी कल्लूल हजारिका, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, ऑफिस सुपरिटेंडेंट वंदना सिन्हा, प्रधानाचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल, सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट सुब्रतो भद्रा, स्पेशल ओलंपिक्स भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, एरिया स्पोर्ट्स डायरेक्टर संजीव दोहरे, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर मनोज सिंह, इंद्र पाल तथा गाजियाबाद स्पेशल स्कूल की प्रधानाचार्या अर्पिता मित्तल ने खिलाड़ियों और टीम के कोच सत्येंद्र सिंह यादव एवं खुशी वत्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश स्पेशल आइस स्केटिंग टीम का प्रदर्शन प्रदेश में दिव्यांग खिलाड़ियों की बढ़ती खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमाण है। खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रदेश में स्पेशल ओलंपिक्स की गतिविधियों को भी नई प्रेरणा मिलेगी।