- 83 गेंदों में 17 चौके और 14 छक्कों की मदद से जड़ा टूर्नामेंट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर, 354 रन बनाकर ऑरेंज आर्मी ने हासिल की बड़ी जीत
- सत्यम और कप्तान वरुण की घातक गेंदबाजी के आगे 130 रन पर सिमटी पिच रेडर्स की टीम, वरुण ने तीन और सत्यम ने झटके तीन विकेट
कानपुर, 16 नवंबर।
यूनाइटेड चैंपियंस लीग (UCL) सीजन-2 में ऑरेंज आर्मी यूसीएल ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पिच रेडर्स यूसीएल को 224 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। जेएमडी वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड पर खेले गए लीग मुकाबले में ऑरेंज आर्मी के सलामी बल्लेबाज शारिल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया। उन्होंने महज 83 गेंदों में 184 रनों की तूफानी पारी खेलकर टूर्नामेंट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर अपने नाम किया। उनकी पारी में 17 चौके और 14 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 221.69 का रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑरेंज आर्मी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज शारिल ने शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए उन्होंने 184 रनों की यादगार पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुल स्कोर में से 152 रन उन्होंने केवल बाउंड्री के जरिए जुटाए। शारिल 28.5 ओवर तक क्रीज पर टिके रहे और रमन टिक्कू की गेंद पर अंकुर श्रीवास्तव को कैच थमाकर पवेलियन लौटे।
शारिल को दवनदीप सिंह का शानदार साथ मिला। दवनदीप ने 26 गेंदों में 49 रन बनाए, जबकि कप्तान वरुण ने 25 गेंदों में 37 और सौरभ शर्मा ने 25 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत ऑरेंज आर्मी ने निर्धारित 30 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 354 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
355 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिच रेडर्स यूसीएल की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अमरजीत सिंह ने 25 रन और आरिश ने महज सात गेंदों में 25 रन बनाकर तेज शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन ऑरेंज आर्मी के गेंदबाजों ने जल्द ही मुकाबले पर शिकंजा कस दिया। निचले क्रम में रमन टिक्कू ने नाबाद 14 और तुषार वर्मा ने 13 रन बनाए। इसके बावजूद पूरी टीम 20.2 ओवर में 130 रनों पर सिमट गई।
ऑरेंज आर्मी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान वरुण और सत्यम ने शानदार प्रदर्शन किया। वरुण ने 14 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि सत्यम ने 23 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। देवेंद्र सिंह ने भी दो विकेट हासिल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। इस तरह ऑरेंज आर्मी यूसीएल ने 224 रनों की बड़ी जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया।