सोनेट एवं अमर क्लब ने दर्ज की शानदार जीत

 

कानपुर, 16 नवंबर।

केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में सोनेट क्लब और अमर क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। सोनेट क्लब ने एचबीटीयू को 65 रन से हराया, जबकि अमर क्लब ने पैरामाउंट क्लब को 10 रन से शिकस्त दी।

### सोनेट क्लब ने एचबीटीयू को 65 रन से हराया

एचबीटीयू मैदान पर खेले गए मुकाबले में सोनेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में सात विकेट पर 204 रन बनाए। सार्थक अग्रवाल ने 44, आशीष गौतम ने 36 और मो. आरिफ ने 22 रन का योगदान दिया। एचबीटीयू की ओर से आदित्य सिंह और साहिल यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचबीटीयू की टीम 26.3 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। आशुतोष दुबे ने 32, ललित कुमार ने 21 और ध्रुव स्वरूप श्रीवास्तव ने 20 रन बनाए। सोनेट क्लब की ओर से शौर्य गुप्ता ने तीन तथा अंश राय ने दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सोनेट क्लब ने यह मुकाबला 65 रन से जीत लिया।

### अमर क्लब ने पैरामाउंट को 10 रन से दी शिकस्त

राष्ट्रीय मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में अमर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में पांच विकेट पर 216 रन बनाए। अभ्युदय प्रताप सिंह ने 35, हिमांशु सिंह ने 31, अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने 26 और आकाश कुमार ने नाबाद 41 रन की पारी खेली। पैरामाउंट क्लब की ओर से कृष्ण पुरी ने दो विकेट लिए।

जवाब में पैरामाउंट क्लब की टीम 35 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। ललित कुमार ने 45, रंजीत झा ने 42 और प्रांजल गुप्ता ने 41 रन बनाए। अमर क्लब की ओर से दीपेंद्र सिंह और श्लोक प्रताप सिंह ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि सुमित यादव को दो विकेट मिले। इस तरह अमर क्लब ने 10 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

Leave a Comment