एबीवीपी और खेलो भारत की खेल पहल को मिला शानदार प्रतिसाद, बैडमिंटन व वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

 

 

  • छात्र-छात्राओं ने दिखाई खेल प्रतिभा, विजेताओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

 

कानपुर, 13 जुलाई।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कानपुर महानगर एवं खेलो भारत के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

 

अतिथियों ने खेलों का बताया महत्व

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुंवारी अर्पिता मालिक, एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री मनीष राय, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा, चीफ प्रॉक्टर शशिकांत त्रिपाठी, प्रांत खेलो भारत प्रमुख गिरजा सिंह तथा आशुतोष सत्यम झा मौजूद रहे।

प्रांत संगठन मंत्री मनीष राय ने कहा कि एबीवीपी केवल छात्र हितों के लिए कार्य करने वाला संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित करते हैं।

कुंवारी अर्पिता मालिक ने कहा कि शिक्षा और खेल जीवन के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं तथा खेल युवाओं को चुनौतियों का सामना करना और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ना सिखाते हैं।

रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं चीफ प्रॉक्टर शशिकांत त्रिपाठी ने खेलों को शारीरिक एवं मानसिक विकास का प्रभावी माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। गिरजा सिंह ने कहा कि खेलो भारत अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना है।

इन खिलाड़ियों ने जीते खिताब

बैडमिंटन बालिका वर्ग में सिद्धि झा (जयनारायण विद्या मंदिर) ने प्रथम तथा सलोनी कठेरिया (जयनारायण विद्या मंदिर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में मो. यूसुफ आलम (स्कॉलर मिशन स्कूल) विजेता रहे, जबकि सौरभ मौर्य (जुगल देवी विद्या मंदिर) उपविजेता बने। सीनियर बॉयज वर्ग में निखिल पाल ने पहला और सत्यम कटियार ने दूसरा स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को अतिथियों ने प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

आयोजन में रहा सभी का सहयोग

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सुधांशु त्रिपाठी, मयंक पासवान, आदित्यांश सिंह, प्रभात शर्मा, आशुतोष तिवारी, प्रियंका माथुर, अनुराग शर्मा, मानस यादव और मयंक ठाकुर सहित परिषद के अनेक कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में परिषद पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment