मुंबई को हराकर उत्तर प्रदेश बना चैंपियन, विंटू यादव और दीपेंद्र सिंह ने दिलाई यादगार जीत

 

 

  • 5वीं एलीट नेशनल फिजिकल डिसेबिलिटी टी-20 चैंपियनशिप में यूपी का शानदार प्रदर्शन, 172 रन के लक्ष्य को 18.5 ओवर में किया हासिल
  • विंटू यादव बने प्लेयर ऑफ द मैच, बल्ले और गेंद दोनों से चमके, दीपेंद्र सिंह की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने दिलाई जीत

 

कानपुर, 24 मई। 

5वीं एलीट नेशनल फिजिकल डिसेबिलिटी टी-20 चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश पीडी (UPDACA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को 4 विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रोमांचक मुकाबले में यूपी की टीम ने 172 रन का लक्ष्य 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की इस यादगार जीत में विंटू यादव और दीपेंद्र सिंह ने अहम भूमिका निभाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 171 रन बनाए। मुंबई की ओर से रविंद्र सांते ने तूफानी अंदाज में नाबाद 71 रन बनाए, जबकि विक्रांत केनी ने 54 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उत्तर प्रदेश की गेंदबाजी में मो. सादिक सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट झटके। विंटू यादव, राधिका प्रसाद और कुमार राहुल को 1-1 विकेट मिला।

172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत संभली हुई रही। अक्षांश चौधरी ने 19 रन बनाए, जबकि कप्तान राहुल सिंह ने केवल 13 गेंदों में 31 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद विंटू यादव ने 26 गेंदों पर 35 रन बनाकर मैच को यूपी की पकड़ में ला दिया। उन्होंने गेंदबाजी में भी 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

मध्यक्रम में दीपेंद्र सिंह ने जिम्मेदारी संभालते हुए नाबाद 54 रन की मैच विजयी पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। कुमार राहुल ने 19 रन और अंत में सुमित पाल ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया।

मुंबई की ओर से आकाश पाटिल ने 2 विकेट लिए, जबकि रोहन भोइर, रविंद्र सांते और विक्रांत केनी को 1-1 सफलता मिली। हालांकि यूपी के बल्लेबाजों के आत्मविश्वास और सकारात्मक खेल के आगे मुंबई की गेंदबाजी असरदार साबित नहीं हो सकी।

इस जीत के साथ उत्तर प्रदेश पीडी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपने दमदार प्रदर्शन की छाप छोड़ी। खिलाड़ियों की शानदार बल्लेबाजी, अनुशासित गेंदबाजी और बेहतरीन टीम वर्क ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नया गौरव दिलाया।

Leave a Comment