- यश पांडे ने हैट्रिक लेकर बिखेरी चमक, लेकिन वॉक्सल के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के आगे पिच रेडर्स ने टेके घुटने
- लीग के अन्य मुकाबलों में फ्रेंड्स 11, ए-टीम और वी वॉरियर्स ने भी दर्ज की जीत
कानपुर, 22 नवंबर।
यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) सीजन-2 में रविवार को खेले गए विभिन्न लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए दिन के प्रमुख मुकाबले में वॉक्सल वैलियंट्स यूसीएल ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पिच रेडर्स यूसीएल को 178 रनों के विशाल अंतर से पराजित किया। मुकाबले में जहां यश पांडे ने हैट्रिक लेकर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया, वहीं डॉ. मानस शुक्ला ने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
### शुभम तिवारी का अर्धशतक, वॉक्सल ने खड़ा किया 247 रनों का विशाल स्कोर
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर पिच रेडर्स यूसीएल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वॉक्सल वैलियंट्स यूसीएल ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट खोकर 247 रन बनाए। शुभम तिवारी ने 35 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 52 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। राहुल कुमार ने 32 गेंदों पर 42 रन और कप्तान डॉ. तरुण गोयल ने 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, राफे अहमद (29), प्रकाश चावला (नाबाद 23) और अभिषेक मिश्रा (9 गेंदों पर 23 रन) ने तेज पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
पिच रेडर्स की ओर से यश पांडे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने छह ओवर में 43 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इसी दौरान 27वें ओवर में 26.3, 26.4 और 26.5 गेंदों पर लगातार तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की। उन्होंने राफे अहमद, अमित गुप्ता और डॉ. मानस शुक्ला को आउट किया।
### मानस शुक्ला की घातक गेंदबाजी, 69 रन पर सिमटी पिच रेडर्स
248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिच रेडर्स यूसीएल की टीम वॉक्सल के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम 12.2 ओवर में महज 69 रनों पर ऑलआउट हो गई। अंकुर श्रीवास्तव (17), कप्तान सिद्धांत कपूर (15) और यश पांडे (14) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
वॉक्सल की ओर से डॉ. मानस शुक्ला ने तीन ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट झटके। डॉ. सचिन श्री10, विजय चौहान और अभिषेक मिश्रा ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए डॉ. मानस शुक्ला को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
### अन्य मुकाबलों में भी दिखा खिलाड़ियों का दम
फ्रेंड्स 11 यूसीएल ने चार विकेट से जीता मुकाबला: रामा यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर स्कोरिंग विलोस यूसीएल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 93 रनों पर सिमट गई। फ्रेंड्स 11 की ओर से सुमित गुलाटी ने पांच और आयुष मंधानी ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए फ्रेंड्स 11 ने आयुष मंधानी (नाबाद 32) और अभिषेक (32) की पारियों की बदौलत 21 ओवर में छह विकेट खोकर 96 रन बनाए और चार विकेट से जीत दर्ज की।
ए-टीम यूसीएल ने दो विकेट से दर्ज की रोमांचक जीत: आरएलबी ग्राउंड पर एस्पिरिस यूसीएल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में नौ विकेट पर 177 रन बनाए। अजय पांडे ने 38 और रजा खान ने 35 रनों का योगदान दिया। जवाब में ए-टीम यूसीएल ने संदीप (47) और पीएम 1 (35) की उपयोगी पारियों के दम पर 29.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 180 रन बना लिए और दो विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
वी वॉरियर्स यूसीएल ने 15 रन से दी नाइट स्कॉर्चर्स को मात: राष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर वी वॉरियर्स यूसीएल ने अमर पांडे की 29 गेंदों पर 54 रनों की तूफानी पारी की बदौलत 27 ओवर में 157 रन बनाए। नाइट स्कॉर्चर्स की ओर से कप्तान अनुराग पांडे ने पांच विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट स्कॉर्चर्स की टीम कप्तान अनुराग पांडे (नाबाद 35) के संघर्ष के बावजूद 30 ओवर में नौ विकेट पर 142 रन ही बना सकी। वी वॉरियर्स की ओर से विनय चौबे ने चार और गोलू ने तीन विकेट लेकर टीम को 15 रनों से जीत दिलाई।