सत्यम गिरी गुप्ता, देवर्षिका शुक्ला और आशुतोष गुप्ता का शानदार प्रदर्शन

 

 

  • द्वितीय कानपुर जिला टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता संपन्न
  • तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को किया गया सम्मानित

 

 

कानपुर, 24 मई।

तीन दिवसीय द्वितीय कानपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता (22 से 24 मई 2025) का समापन रविवार को रोमांचक मुकाबलों और भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता में शहर के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अंडर-15 वर्ग में प्रेक्षा और विहान बने चैंपियन

बालिका अंडर-15 वर्ग में प्रेक्षा तिवारी ने फाइनल मुकाबले में आराध्या को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक अंडर-15 वर्ग में विहान ने ध्रुवांक को मात देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा।

देवर्षिका और आशुतोष का दबदबा

बालिका अंडर-17 वर्ग में देवर्षिका शुक्ला ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रेक्षा तिवारी को हराकर खिताब जीता। वहीं बालक अंडर-17 वर्ग में आशुतोष गुप्ता ने दक्ष खंडेलवाल को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

अंडर-19 वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। बालिका वर्ग में अबाना लायल ने कावी शाह को हराकर खिताब जीता, जबकि बालक वर्ग में आशुतोष गुप्ता ने उज्जवल अवस्थी को पराजित कर अपना दूसरा खिताब हासिल किया।

महिला वर्ग में देवर्षिका का शानदार प्रदर्शन

महिला सिंगल्स में देवर्षिका शुक्ला ने अबाना लायल को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं महिला डबल्स में तान्या और सुविज्ञा की जोड़ी ने आन्या गुप्ता और मुस्कान को हराकर खिताब जीता।

पुरुष वर्ग में सत्यम गिरी गुप्ता बने स्टार खिलाड़ी

पुरुष सिंगल्स वर्ग में सत्यम गिरी गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में सृजन महाजन को सीधे सेटों में हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष डबल्स में कियान और आशुतोष की जोड़ी ने उज्जवल और दक्ष को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन एवं कानपुर टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक (बाबी भैया) तथा अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी गीता टंडन कपूर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कानपुर टेबल टेनिस के वरिष्ठ खिलाड़ियों गोपाल भार्गव एवं राजीव अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। समारोह में संघ के सचिव संजय टंडन, सह सचिव सुनील सिंह, अनिल गुप्ता, अजय मेहरोत्रा, राजीव देवल, अनुराग जायसवाल, रवि पोपतानी, अनिल वर्मा, अविनाश यादव और सत्यम मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के शानदार खेल और अनुशासन की सभी अतिथियों ने सराहना की। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं शहर में टेबल टेनिस को नई पहचान देने के साथ युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रही हैं।

Leave a Comment