स्पार्क क्लब और साउथ जिमखाना ने दर्ज की शानदार जीत

 

 

  • केवला देवी स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता

 

कानपुर, 6 मई।

Kanpur Cricket Association से आबद्ध एवं नेशनल यूथ क्लब द्वारा आयोजित प्रथम केवला देवी स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबलों में स्पार्क क्लब और साउथ जिमखाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में बाई०एम०सी०सी० की टीम 20 ओवरों में 90 रन पर ऑल आउट हो गई। तुषार पाल ने 23 रन बनाए। स्पार्क क्लब की ओर से सत्यम पासवान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि आयुष कुमार प्रजापति ने 5 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

जवाब में स्पार्क क्लब ने 9.5 ओवरों में 2 विकेट खोकर 92 रन बनाते हुए 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की। शेखर सुगन ने 39 रन और प्रिन्स यादव ने 35 रन की शानदार पारी खेली। सत्यम पासवान को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

दूसरे मुकाबले में भारत क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 123 रन बनाए। युवराज सिंह ने 43 रन और त्रिभुवन दीक्षित ने 31 रन का योगदान दिया। साउथ जिमखाना की ओर से विकास शर्मा ने 18 रन देकर 4 विकेट तथा अभिनव यादव ने 28 रन देकर 3 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ जिमखाना ने 15.4 ओवरों में 2 विकेट पर 125 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। राहुल यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 रन बनाए, जबकि अभिनव यादव ने 31 रन की उपयोगी पारी खेली। राहुल यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

Leave a Comment