साउथ जिमखाना एवं राइडर्स क्लब फाइनल में

 

 

 

  • केवला देवी स्मारक टी-20 प्रतियोगिता में दोनों टीमों ने दर्ज की शानदार जीत

 

कानपुर, 8 मई। कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं नेशनल यूथ क्लब द्वारा आयोजित प्रथम केवला देवी स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबलों में साउथ जिमखाना और राइडर्स क्लब ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पहले मुकाबले में साउथ जिमखाना ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट पर 227 रन बनाए। टीम की ओर से अभिनव यादव ने 88 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि राहुल यादव ने 68 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अर्पित अवस्थी ने 27 और दिव्यांश कुमार साहू ने 20 रन नाबाद बनाए। खेरापति एथलेटिक्स की ओर से लव पाण्डे और विराट सिंह को 1-1 विकेट मिला।

228 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी खेरापति एथलेटिक्स की टीम 19.5 ओवरों में 166 रन पर सिमट गई। आर्यन सक्सेना ने 46, रितिक तिवारी ने 26 और सौरंग सिंह ने 24 रन बनाए। साउथ जिमखाना की ओर से अभिनव यादव ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। साउथ जिमखाना ने यह मुकाबला 61 रनों से जीत लिया। अभिनव यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में स्पार्क क्लब की टीम 14.1 ओवरों में 79 रन पर ऑल आउट हो गई। दीपक यादव ने 27 रन बनाए। राइडर्स क्लब की ओर से मो० रहमान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि आदित्य सिंह को 1 विकेट मिला।

80 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राइडर्स क्लब ने 11.5 ओवरों में 3 विकेट खोकर 80 रन बनाते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। अमन सिंह ने 18 रन बनाए, जबकि शाश्वत बन्दोह 11 रन बनाकर नाबाद रहे। स्पार्क क्लब की ओर से दीपक यादव ने 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए मो० रहमान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Comment