- आरमारीना स्टेडियम में होगा ट्रायल, खिलाड़ियों को AFI UID और आवश्यक दस्तावेज के साथ करना होगा प्रतिभाग
कानपुर, 27 जुलाई।
21वीं उत्तर प्रदेश यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-18) एवं 5वें जैवलिन डे प्रतियोगिता के लिए कानपुर जनपद की टीम का चयन ट्रायल 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को अपराह्न 4:00 बजे से आरमारीना स्टेडियम, कानपुर में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर के सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने दी।
प्रदर्शन के आधार पर होगा चयन
उन्होंने बताया कि चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 7 एवं 8 अगस्त 2026 को प्रयागराज स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 21वीं उत्तर प्रदेश यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप एवं 5वें जैवलिन डे प्रतियोगिता में कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पंजीकरण और प्रवेश शुल्क
सभी इच्छुक खिलाड़ियों को अपना AFI UID नंबर तथा निर्धारित प्रवेश शुल्क के साथ वरिष्ठ सचिव श्री दिनेश भदौरिया, सचिव सुश्री सौम्या अवस्थी अथवा श्री शिव यादव के पास अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-18) के लिए प्रवेश शुल्क ₹210 प्रति स्पर्धा, जबकि जैवलिन डे (अंडर-20) के लिए ₹510 प्रति प्रतिभागी निर्धारित किया गया है।
आयु वर्ग एवं आवश्यक दस्तावेज
जैवलिन डे प्रतियोगिता के लिए आयु वर्ग जन्म तिथि के अनुसार निर्धारित किए गए हैं। अंडर-14 (07.08.2012 से 06.08.2014), अंडर-16 (07.08.2010 से 06.08.2012), अंडर-18 (07.08.2008 से 06.08.2010) तथा अंडर-20 (07.08.2006 से 06.08.2008) के खिलाड़ी पात्र होंगे।
एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों से चयन ट्रायल में समय से उपस्थित होने तथा AFI UID नंबर, आयु प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।