- कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी में हुआ आयोजन, उभरती प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
कानपुर, 5 जुलाई।
विश्व बैडमिंटन दिवस के अवसर पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में कल्याणपुर स्थित रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी में एक दिवसीय बैडमिंटन लीग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना, उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा बैडमिंटन खेल के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ विभिन्न वर्गों में आयोजित लीग मुकाबलों में भाग लिया। सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डी.पी. सिंह, उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रशिक्षक एवं निर्णायक रवि कुमार दीक्षित, सौरभ श्रीवास्तव, आशुतोष सत्यम झा, सुबोध रंजन, इन्द्रपाल सोनकर एवं निखिल पाल सहित अनेक खेल प्रेमी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में प्रियांक प्रजापति, शौर्यम, आरोही, दिव्यंक, प्रियांशु श्रीवास्तव, आदित्य डडवाल, उषसी झा, करिषा, अन्वेषा, सिद्धि झा, शिवांश त्रिवेदी, परमिति, आर्जव, श्रेयांश रंजन, रुद्रांश, अयुष्मान, रुद्राक्षी, श्रियंशी रंजन, अथर्व यादव, आरव, प्रखर मौर्य एवं अथर्व खन्ना सहित कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए खेल भावना और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।