कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 के पहले चरण के ट्रायल संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

 

  • 90 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय रेफरियों की मौजूदगी में हुआ प्रतिभा चयन
  • हर सहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ प्रथम चरण का ट्रायल

 

कानपुर, 5 जुलाई।

कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 के प्रथम चरण के ट्रायल रविवार को हर सहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज, कानपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। खिलाड़ियों के चयन के लिए आयोजित इस ट्रायल में 90 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन ने चयन समिति को काफी प्रभावित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोविन्द मोहन शुक्ला (पार्षद, सीसामऊ उत्तरी) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए लीग की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

ट्रायल के दौरान चयन समिति में राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी संतोष सिंह (प्रयागराज), राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं उत्तर प्रदेश पुलिस खो-खो कोच प्रमोद यादव (गोरखपुर), अंतरराष्ट्रीय रेफरी सत्य प्रकाश तिवारी (रायबरेली) तथा अंतरराष्ट्रीय रेफरी नवनीत वर्मा (रायबरेली) शामिल रहे। सभी चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के कौशल, फिटनेस और खेल क्षमता का बारीकी से मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर जिला खो-खो संघ के संरक्षक रनवीर सिंह मलिक, सत्य प्रकाश तिवारी, टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन महेश चंद्र झा, हर सहाय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता गुप्ता, प्रतीव निगम, प्रतियोगिता निदेशक शिवलाल यादव, आनन्द कुमार, जितेंद्र शर्मा, रामजी प्रजापति, अभिमन्यु सिंह, सुशील प्रजापति, अर्पित तिवारी सहित अनेक खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग प्रदेश में खो-खो प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त मंच बनेगी।

Leave a Comment