- आदित्य गुप्ता और देवांशीष की विस्फोटक बल्लेबाजी, विरोधी टीमों पर भारी पड़े विजेता
- चन्द्रा एकेडमी ने 9 विकेट से दर्ज की आसान जीत
कानपुर, 19 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध एवं आर.वी.एस. क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग फॉर जैक्सन कमिंस ट्रॉफी अंडर-19 टी-20 दिन-रात्रि क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सप्रू मैदान पर खेले गए मुकाबलों में चन्द्रा एकेडमी और कानपुर वारियर्स ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मैच में रवनीत टिफिन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। टीम की ओर से वीर ने 43 तथा अक्षत अवस्थी ने 36 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में आकाश राठौर और आलोक साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए।
120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चन्द्रा एकेडमी ने मात्र 9 ओवरों में 1 विकेट खोकर 120 रन बनाते हुए मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। शिवा राजपूत ने 30 रन बनाए जबकि आदित्य गुप्ता ने तूफानी अंदाज में नाबाद 63 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। विपक्षी टीम के लिए विष्णु सरोज को एक विकेट मिला।
आकाश राठौर को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
देवांशीष के नाबाद 87 रन, कानपुर वारियर्स ने 8 विकेट से जीता मुकाबला

दूसरे मैच में कानपुर वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट पर 138 रन बनाए। माझी कटियार ने 55 रनों की शानदार पारी खेली जबकि आदित्य ने नाबाद 31 रन जोड़े। गेंदबाजी में अल्तमस ने 3 विकेट तथा ऋषि राज ने 2 विकेट प्राप्त किए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर वारियर्स की टीम ने 14.1 ओवरों में मात्र 2 विकेट खोकर 139 रन बना लिए। अभिनव यादव ने 19 रन बनाए जबकि देवांशीष ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 87 रन ठोककर टीम को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाई। विपक्षी टीम की ओर से सुमित यादव और आदित्य को एक-एक विकेट मिला।
देवांशीष को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।