- दो स्पर्धाओं 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर .22 पिस्टल में दिखाएंगे निशानेबाजी का हुनर
कानपुर, 8 नवंबर।
उत्तर मध्य रेलवे के सिग्नल विभाग में कार्यरत कानपुर के मो. इमरान खान 16 से 20 नवंबर तक आसनसोल में आयोजित होने वाली 59वीं ऑल इंडिया रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में उत्तर मध्य रेलवे (NCR) का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में वह दो महत्वपूर्ण स्पर्धाओं 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर .22 पिस्टल में अपनी निशानेबाजी का कौशल दिखाएंगे।
दो साल की मेहनत से हासिल किया मुकाम
गोविंद नगर निवासी मो. इमरान खान ने द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी के कोच अमर निगम एवं अविरल निगम के मार्गदर्शन में पिछले दो वर्षों से कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास किया है। इसी का परिणाम है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित रेलवे प्रतियोगिता में उत्तर मध्य रेलवे का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर रहेगा जोर
चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों के चयनित निशानेबाज हिस्सा लेंगे। मो. इमरान खान का लक्ष्य दोनों स्पर्धाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और उत्तर मध्य रेलवे का नाम रोशन करना है। उनके चयन से कानपुर के खेल प्रेमियों और शूटिंग से जुड़े खिलाड़ियों में उत्साह है।