- फाइनल में एस.ए. टाइटन्स को 40 रन से हराकर जीता खिताब, अनिकेत यादव बने मैन ऑफ द मैच
- पूर्व विधायक सतीश निगम ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए, अभय यादव बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
कानपुर, 22 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से संबद्ध फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम गीता देवी स्मारक टी-20 (अंडर-19) क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गीता देवी (मंटोरा) मैदान पर खेला गया, जिसमें मगींज कैफे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एस.ए. टाइटन्स को 40 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मगींज कैफे की टीम ने 19 ओवर में 173 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रिन्स यादव ने 61 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अविनाश यादव ने 35 और अरमान खान ने 20 रन का योगदान दिया। एस.ए. टाइटन्स के लिए दिव्यांश साहू ने 19 रन देकर 3 विकेट तथा आदित्य अवस्थी ने 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस.ए. टाइटन्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। अभय यादव ने 45 और विशेष अग्निहोत्री ने 37 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। मगींज कैफे की ओर से अनिकेत यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 34 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि दीपक यादव ने 1 विकेट प्राप्त किया।
मगींज कैफे ने यह मुकाबला 40 रन से जीतकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अनिकेत यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सतीश निगम ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथि का स्वागत रवि सिंह ने किया। समारोह में राहुल सप्रू, मोईन सिद्दीकी तथा संजय मेहरोत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। पृथ्वीराज चौहान को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, अक्षत श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा अभय यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आयोजन सचिव जहीरउद्दीन ने किया। इस अवसर पर अजीत सिंह, परवेज अहमद, पवन अवस्थी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।