KCCL सीजन-1 में रोमांच चरम पर, फाइनल की तस्वीर हुई साफ

 

 

  • AMC Avengers और Rymbal BCA Legends की दमदार जीत
  • डॉ. शुभम चतुर्वेदी ने पूरे किए 400 चौके, गोलू सिंह ने 1000 रन का मुकाम छुआ

 

कानपुर, 22 जून।

कानपुर कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग (KCCL) सीजन-1 में रविवार को जेम ग्राउंड पर खेले गए दो महत्वपूर्ण मुकाबलों में AMC Avengers और Rymbal BCA Legends ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पहले लीग मुकाबले में AMC Avengers ने Pitch Raiders को 21 रनों से पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में Rymbal BCA Legends ने Cawnpore Gems को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों मैचों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

उमाशंकर के अर्धशतक से AMC Avengers ने खड़ा किया मजबूत स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी AMC Avengers की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 153 रन बनाए। टीम की ओर से उमाशंकर वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और एक छक्का शामिल रहा। डॉ. शुभम चतुर्वेदी ने मात्र 18 गेंदों पर 30 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अनिकेत त्रिपाठी (22) और विकास श्रीवास्तव (21) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

Pitch Raiders की ओर से आकाश श्रीवास्तव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि डॉ. मानस शुक्ला ने 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।

132 रन पर सिमटी Pitch Raiders

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Pitch Raiders की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। यश राज गुलाटी ने संघर्षपूर्ण 42 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। पूरी टीम 16.2 ओवर में 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

AMC Avengers की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ टीम ने लीग चरण का समापन शानदार अंदाज में किया। आकाश को उनके शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Rymbal BCA Legends ने सेमीफाइनल में दिखाया दम

दूसरे मुकाबले में Cawnpore Gems ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 141 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद तल्हा ने केवल 19 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उनकी पारी में तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। हसीन अहमद ने 19 तथा गोलू सिंह ने 21 रनों का योगदान दिया।

Rymbal BCA Legends की ओर से गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। मेड रहमान और गोपाल सिंह ने महत्वपूर्ण विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।

लविश, स्वर और सौरभ की तिकड़ी ने दिलाई फाइनल की टिकट

142 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए Rymbal BCA Legends के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया। लविश श्रीवास्तव ने 49 रनों की शानदार पारी खेली जबकि स्वर टंडन ने 39 रन बनाए। अंत में सौरभ सिंह ने नाबाद 40 रन बनाकर टीम को 15.1 ओवर में ही जीत दिला दी। स्वर टंडन को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

पांच विकेट से मिली इस जीत के साथ Rymbal BCA Legends ने फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। बल्लेबाजों की सकारात्मक सोच और तेज रनगति ने मैच को एकतरफा बना दिया।

दो खिलाड़ियों ने छुए करियर के बड़े मुकाम

टूर्नामेंट के दौरान दो खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत उपलब्धियों से भी सुर्खियां बटोरीं।

डॉ. शुभम चतुर्वेदी ने अपने क्रिकेट करियर में 400 चौके पूरे करने का उल्लेखनीय रिकॉर्ड बनाया।

गोलू सिंह ने अपने करियर के 1000 रन पूरे कर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया।

दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर आयोजकों और खिलाड़ियों ने बधाई दी।

फाइनल मुकाबले पर टिकी निगाहें

KCCL सीजन-1 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है और क्रिकेट प्रेमियों को एक हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है। खिलाड़ियों का शानदार फॉर्म और टीमों का संतुलन फाइनल को यादगार बनाने का संकेत दे रहा है।

Leave a Comment