- सिद्धार्थ-हार्दिक की दमदार बल्लेबाजी से शाहनाज चैंपियन विजयी, पंजाब स्पोर्ट्स ने रोमांचक मुकाबले में आरएस वॉरियर्स को हराया
- दूसरे दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कल होंगे दो अहम मैच
कानपुर, 21 जून।
एच.एस. क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित चैंपियन प्रीमियर लीग सीजन-5 के दूसरे दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में शाहनाज चैंपियन और पंजाब स्पोर्ट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में लीजेंड किंग और शाहनाज चैंपियन की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लीजेंड किंग ने निर्धारित 20 ओवरों में 182 रन बनाए। टीम की ओर से दिव्यांश ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 51 रन बनाए, जबकि अनुभव ने 35 रन का योगदान दिया। शाहनाज चैंपियन की ओर से रुद्र ने 2 विकेट हासिल किए।
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाहनाज चैंपियन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.1 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाकर 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। टीम की ओर से सिद्धार्थ ने 66, हार्दिक ने 56 तथा राजवीर ने 44 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। लीजेंड किंग के लिए दिव्यांश को एकमात्र विकेट मिला।
दिन के दूसरे मुकाबले में पंजाब स्पोर्ट्स और आरएस वॉरियर्स के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरएस वॉरियर्स की टीम 20 ओवर में 109 रन ही बना सकी। विराट शुक्ला ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। पंजाब स्पोर्ट्स की ओर से सजल और अनिकेत ने 2-2 विकेट हासिल किए।
110 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब स्पोर्ट्स ने 18 ओवर में 7 विकेट खोकर 110 रन बनाते हुए 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से गौरांग शुक्ला ने सर्वाधिक 35 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। आरएस वॉरियर्स के सुमित ने 3 विकेट लेकर अपनी टीम के लिए सराहनीय प्रदर्शन किया।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में कल पहला मुकाबला सीएके वॉरियर्स और लीजेंड किंग के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच शाहनाज चैंपियन और आरएस वॉरियर्स के मध्य होगा।