- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ग्रीन पार्क स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब
- स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता
- योगासन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बांटे गए पौधे
कानपुर, 21 जून।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया। पूरे परिसर में योग, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, एमएलसी अरुण पाठक, जनपद के नोडल अधिकारी एस. सुंदरम एम.के., पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन टाडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने कराया योगाभ्यास
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने वीरभद्रासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, दंडासन, पद्मासन, वज्रासन, शलभासन, भुजंगासन, विपरीत शलभासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन और शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।

योग स्वस्थ भारत के निर्माण का आधार : राकेश सचान
मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के एकीकरण का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अधिकांश देशों में योग अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “करो योग, रहो निरोग” केवल एक संदेश नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है।

भारत की प्राचीन धरोहर है योग : रमेश अवस्थी
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

तनावमुक्त और संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम है योग : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।


प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयुषी रावत, अंश कुमार सविता, मालती सचान, नविका सिंह चौहान, मिहिका सचान, देवशी द्विवेदी एवं अनन्या राजपूत को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया। अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।