- अंडर-15 यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन, 16 टीमों ने दिखाया दमखम
- फाइनल में 190 रन का लक्ष्य हासिल कर चंद्रा क्रिकेट अकैडमी ने जीता खिताब
- हर्ष राजपूत बने प्लेयर ऑफ द मैच, ऑलराउंड प्रदर्शन से दिलाई जीत
- आदर्श यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज, शौर्य उपाध्याय सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और वंशुल सिंह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुने गए
- यूपीसीए के मानद महासचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
कानपुर, 21 जून।
सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकैडमी (SPSSA) द्वारा आयोजित अंडर-15 यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकैडमी (SPSSA) और चंद्रा क्रिकेट अकैडमी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए SPSSA की टीम 27.5 ओवर में 189 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में चंद्रा क्रिकेट अकैडमी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 26.2 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
हर्ष राजपूत का ऑलराउंड कमाल
फाइनल मुकाबले में चंद्रा क्रिकेट अकैडमी के हर्ष राजपूत ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 25 गेंदों पर तेजतर्रार 40 रन बनाए और गेंदबाजी में 6 ओवर में 42 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
27 खिलाड़ियों को मिला मैन ऑफ द मैच पुरस्कार
समापन समारोह में पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुल 27 खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किए गए।
इन खिलाड़ियों को मिले विशेष सम्मान
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए आदर्श यादव (SPSSA) को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। वहीं क्रिक-इट स्ट्राइक जोन अकैडमी के शौर्य उपाध्याय को बेस्ट बैटर तथा एफजीके क्रिकेट अकैडमी के वंशुल सिंह को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया सम्मानित
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के मानद महासचिव प्रेम मनोहर गुप्ता रहे। आयोजकों ने उनका पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वर्ण और रजत पदकों से नवाजी गईं टीमें
विजेता चंद्रा क्रिकेट अकैडमी को विजेता ट्रॉफी के साथ सभी खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। वहीं उपविजेता SPSSA को रनर-अप ट्रॉफी और खिलाड़ियों को रजत पदकों से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाले अंपायरों और स्कोरर्स को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
SPSSA के सचिव आशीष सिंह चौहान ने कहा कि यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से निकलने वाले कई खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।