स्पेशल ओलंपिक्स भारत यूपी स्पोर्ट्स सेंटर में योग दिवस का आयोजन

 

 

  • ‘One Earth One Health’ थीम पर दिव्यांग बच्चों ने किया योगाभ्यास, प्रेरणा स्पेशल स्कूल बना केंद्र

 

कानपुर, 21 जून।

स्पेशल ओलंपिक्स भारत, उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स सेंटर कानपुर एवं प्रेरणा स्पेशल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस वर्ष की थीम “One Earth One Health” (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य) पर आधारित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग हर बच्चे का अधिकार : शिखा अग्रवाल

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेरणा स्पेशल स्कूल की प्रधानाचार्या सुश्री शिखा अग्रवाल ने की। उन्होंने कहा कि योग हर बच्चे का अधिकार है और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए यह तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

विशेष जरूरतों के अनुरूप कराया गया योगाभ्यास

स्पेशल ओलंपिक्स भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला एवं एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह यादव ने बच्चों को उनकी विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप योगासन सिखाए। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, बैठकर सूर्य नमस्कार तथा भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों की शारीरिक क्षमता, मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।

फिजियोथेरेपी और योग का समन्वय बच्चों के लिए लाभकारी

कार्यक्रम में फिजियोथेरेपिस्ट सुब्रतो भद्रा ने विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे की शारीरिक स्थिति के अनुसार योगासन का चयन आवश्यक है। फिजियोथेरेपी और योग के समन्वय से बच्चों की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है तथा उनके समग्र विकास में मदद मिलती है।

अधिकारियों और अभिभावकों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशाषी अधिकारी स्टीफन पी.डी., संयुक्त अधिशाषी अधिकारी कलुलुल हजारिका, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, कार्यालय अधीक्षक वंदना सिन्हा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं अभिभावकों ने उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment