कानपुर में सजेगा टेबल टेनिस का महाकुंभ, कल से शुरू होगी यूटीटी नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप

 

 

  • 16 से 23 अगस्त तक द स्पोर्ट्स हब में होगा आठ दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन
  • देशभर के शीर्ष खिलाड़ी दिखाएंगे दम, कल शाम 3:30 बजे होगा भव्य उद्घाटन

 

कानपुर, 15 अगस्त।

उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन (UPTTA) के तत्वावधान और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के मार्गदर्शन में कानपुर में टेबल टेनिस का बड़ा राष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। आर्य नगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (TSH) में कल, 16 अगस्त से यूटीटी प्रथम नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का आगाज होगा। आठ दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष और रैंकिंग प्राप्त खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कल शाम होगा भव्य उद्घाटन

चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 16 अगस्त को शाम 3:30 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में सांसद रमेश अवस्थी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण और विधान परिषद सदस्य (MLC) अरुण पाठक मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा आयोजन समिति के चेयरमैन संजीव पाठक, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के मानद सचिव एवं मुख्य आयोजन सचिव अरुण कुमार बनर्जी, गीता टंडन कपूर और प्रणीत अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

आठ दिन तक चलेगा टेबल टेनिस का रोमांच

16 से 23 अगस्त 2026 तक चलने वाली यह चैंपियनशिप इस सत्र के देश के प्रमुख टेबल टेनिस आयोजनों में शामिल है। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के शीर्ष खिलाड़ी कोर्ट पर अपना दमखम दिखाएंगे। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबलों से शहर के खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय टेबल टेनिस देखने का अवसर मिलेगा।

आयोजन समिति के चेयरमैन संजीव पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। द स्पोर्ट्स हब को राष्ट्रीय स्तर के इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार किया गया है। खिलाड़ियों के अभ्यास, प्रतियोगिता और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस TSH

चैंपियनशिप को लेकर द स्पोर्ट्स हब के हॉल में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के लिए टेबल, लाइटिंग, दर्शक दीर्घा सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। आयोजन समिति की टीम ने शनिवार को पूरे हॉल का निरीक्षण कर तैयारियों को परखा।

खेल प्रेमियों को भी किया आमंत्रित

आयोजन समिति ने कानपुर के खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी में होने वाले मुकाबले शहर के युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होंगे।

 

Leave a Comment