स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर के निशानेबाजों का दमदार प्रदर्शन, 12 पदक जीतकर 30 खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल के लिए किया क्वालीफाई

 

  • द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकैडमी के खिलाड़ियों ने नई दिल्ली में आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में दिखाई शानदार निशानेबाजी, नए खिलाड़ियों ने भी किया प्रभावित

 

कानपुर, 2 जुलाई।

नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून तक आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर की द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकैडमी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक अपने नाम किए। अकैडमी के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 8 कांस्य और 4 रजत पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही अकैडमी के 30 शूटर्स ने प्री-नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में संगीता सिंह ने 10 मीटर एयर राइफल आईएसएसएफ सीनियर महिला वर्ग में रजत पदक जीता। अपूर्वा कटियार ने 10 मीटर पारा राइफल प्रोन पोजीशन और स्टैंडिंग पोजीशन, दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं आर्यन यादव ने 10 मीटर पारा एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

टीम स्पर्धाओं में भी बरकरार रहा दबदबा

टीम स्पर्धाओं में 50 मीटर .22 पिस्टल इवेंट में अविरल निगम, अंकित यादव और समीर यादव की टीम ने कांस्य पदक जीता। वहीं 10 मीटर एयर राइफल जूनियर पुरुष वर्ग में समन्यू अवस्थी, कृष्णांश मिश्रा और संस्कार ओमर ने कांस्य पदक हासिल किया। 10 मीटर एयर राइफल जूनियर महिला वर्ग में अनुराधा और अंजलि की टीम ने रजत पदक जीतकर अकैडमी की उपलब्धियों में इजाफा किया।

किराये की पिस्टल से खेलकर भी किया प्री-नेशनल क्वालीफाई

50 मीटर .22 पिस्टल स्पर्धा में अविरल निगम (238/300) और समीर यादव (248/300) ने किराये की पिस्टल से पहली बार प्रतियोगिता खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई करने में सफलता प्राप्त की। यह उपलब्धि खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम का प्रमाण मानी जा रही है।

35 में से 30 खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल में बनाई जगह

अकैडमी के कोच एवं सचिव अमर निगम ने बताया कि प्रतियोगिता में अकैडमी के कुल 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 30 शूटर्स प्री-नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहे। पिस्टल वर्ग में नंदिनी निगम, उत्कर्ष सिंह, इमरान खान, तनिष्क श्रीवास्तव, मोहम्मद अफसान, रुद्र प्रताप सिंह, लावण्या अरोड़ा, विनायक पाठक, शाहनूर रहमान, केशव सोनी, रोहन कुमार, ऋत्विक कटियार, अधिराज अवस्थी, यश बलानी, वात्सल्य, ख्याति त्रिपाठी, कनिष्क श्रीवास्तव और तेजस भदौरिया ने क्वालीफाई किया। वहीं राइफल वर्ग में अशर मिर्जा, अनाधा सिंह, ओजस निगम और प्रतीक्षा पाल ने भी प्री-नेशनल का टिकट हासिल किया।

नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने बढ़ाई उम्मीदें

कोच अविरल निगम ने बताया कि क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों में लगभग 25 नए शूटर्स हैं, जिन्होंने हाल ही में शूटिंग की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और कठिन मेहनत के बल पर इतने कम समय में खिलाड़ियों का प्री-नेशनल स्तर तक पहुंचना अकैडमी के लिए गर्व का विषय है।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव तथा सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जगदीप मधोक ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अकैडमी की ट्रेजरर शुमा निगम, डायरेक्टर शाहनूर रहमान एवं जॉइंट डायरेक्टर मिनी सिंह ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment