- लगातार बारिश के कारण टली प्रतियोगिता की नई तारीखें तय, खिलाड़ियों से नहीं लिया जाएगा कोई प्रवेश शुल्क
कानपुर, 29 अगस्त।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर की ओर से आयोजित जिला एथलेटिक्स मीट-2026 अब 4 एवं 6 सितंबर को IIT कानपुर के मुख्य स्टेडियम में होगी। प्रतियोगिता दोनों दिन सुबह 9 बजे से शुरू होगी। लगातार बारिश और मैदान की खराब स्थिति के चलते पूर्व निर्धारित 8 एवं 9 अगस्त की तिथियों पर प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई थी।
स्कूल से सेना तक के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
जिला एथलेटिक्स मीट में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पुलिस विभाग, PAC, सेना और वायुसेना सहित विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-16, अंडर-20 और पुरुष एवं महिला ओपन वर्ग में ट्रैक एवं फील्ड की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
कई ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी
अंडर-16 वर्ग में 100, 200, 400 और 1000 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक की स्पर्धाएं होंगी। वहीं अंडर-20 तथा पुरुष-महिला ओपन वर्ग में 100 मीटर से 5000 मीटर तक की दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, त्रिकूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक और हैमर थ्रो सहित कई स्पर्धाएं होंगी।
इसके साथ ही महिला वर्ग में 100 मीटर बाधा दौड़, पुरुष वर्ग में 110 मीटर बाधा दौड़ तथा पुरुष वर्ग में पोल वॉल्ट भी आयोजित होगा।
पुरानी प्रविष्टियां ही रहेंगी मान्य
एसोसिएशन के अनुसार, 6 अगस्त 2026 तक जमा की गई सभी प्रविष्टियां मान्य रहेंगी। इसके बाद किसी नई प्रविष्टि, संशोधन, नाम जोड़ने या हटाने अथवा खिलाड़ी के प्रतिस्थापन की अनुमति नहीं होगी। 4×100 मीटर रिले में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा, जिनकी प्रविष्टि पहले से दर्ज है।
मूल दस्तावेज लाना अनिवार्य
सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान अपना मूल आधार कार्ड, मूल आयु प्रमाण-पत्र और दोनों दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता का संचालन Athletics Federation of India (AFI) के नियमों के अनुसार किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए राहत, नहीं लगेगा प्रवेश शुल्क
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से किसी भी स्पर्धा के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। एसोसिएशन ने सभी संबंधित स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों और विभागों से पात्र खिलाड़ियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।