सेपक टकरॉ में कानपुर की बेटियों का दमखम, 12 विद्यालयों की खिलाड़ियों ने ट्रायल में दिखाया हुनर

 

 

  • ASMITA महिला खेलो इंडिया राज्य चैंपियनशिप के लिए अंडर-14, अंडर-18 और सीनियर वर्ग की टीम चयनित; 27 से 29 नवंबर तक बरेली में होगी प्रतियोगिता

 

कानपुर, 21 नवंबर।

खेल के मैदान में कानपुर की बेटियां अपनी प्रतिभा और हुनर का परचम लहराने को तैयार हैं। ASMITA महिला खेलो इंडिया राज्य सेपक टकरॉ चैंपियनशिप-2026 में प्रतिभाग करने के लिए कानपुर की बालिका टीम का चयन ट्रायल स्पोर्ट्स ग्राउंड, किदवई नगर में आयोजित किया गया। इसमें शहर के 12 विद्यालयों की बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के कौशल, तकनीक, शारीरिक क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर तीन आयु वर्गों की टीमों का चयन किया गया।

तीन आयु वर्गों में हुआ खिलाड़ियों का चयन

ट्रायल के आधार पर अंडर-14 (सब-जूनियर), अंडर-18 (जूनियर) और सीनियर वर्ग की टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ियों में अंडर-14 वर्ग से तान्या वर्मा, आर्यका त्रिपाठी, अद्रिका सिंह, प्रगति और साक्षी सिंह शामिल हैं। वहीं, अंडर-18 वर्ग में नंदरानी, नव्या द्विवेदी, मीनाक्षी सिंह और अंजली राजपूत ने स्थान बनाया। सीनियर वर्ग की टीम में काजल राजपूत, राजनंदनी, अदिति दुबे, रितिका सिंह, एकता वर्मा और शिवानी बाजपेयी का चयन हुआ है।

राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर

कानपुर सेपक टकरॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कानपुर की बालिकाओं में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। 12 विद्यालयों की खिलाड़ियों की सहभागिता शहर में बालिका खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि का प्रमाण है। एसोसिएशन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बालिकाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य चैंपियनशिप के लिए बेहतर तैयारी कराई जाएगी। ASMITA महिला खेलो इंडिया राज्य सेपक टकरॉ चैंपियनशिप का आयोजन 27 से 29 नवंबर 2026 तक साई सेंटर, बरेली में होगा। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का चयन भी किया जाएगा। इन खेलों का आयोजन 11 से 22 दिसंबर 2026 तक तेलंगाना में प्रस्तावित है।

टीम के साथ रहेंगे मैनेजर और प्रशिक्षक

प्रतियोगिता के लिए सुनील यादव को टीम मैनेजर, सौरभ नंदन को बालक टीम कोच तथा प्रतीक्षा सोनकर को बालिका टीम कोच नियुक्त किया गया है। अंत में एसोसिएशन अध्यक्ष अमित शुक्ला ने चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और संबंधित विद्यालयों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि कानपुर की बेटियां अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

 

Leave a Comment