दिव्यांग बच्चों ने खेलों के जादूगर मेजर ध्यानचंद को किया नमन

 

 

 

  • स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स सेंटर कानपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं

 

कानपुर, 29 अगस्त।

मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स सेंटर, कानपुर के प्रेरणा स्पेशल स्कूल परिसर में उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों और खिलाड़ियों ने खेलों के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

खिलाड़ियों को बताया मेजर ध्यानचंद का योगदान

स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला और एरिया स्पोर्ट्स डायरेक्टर संजीव दोहरे तथा कानपुर कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पीडी एवं प्रशासनिक अधिकारी वंदना सिन्हा के निर्देशानुसार कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रधानाचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, फिजियोथैरेपिस्ट सुब्रतो भद्र और खेल प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह यादव ने बच्चों एवं खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेलों में उनके योगदान के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी।

फुटबॉल और बास्केटबॉल में दिखाया उत्साह

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दिव्यांग बच्चों एवं खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेल गतिविधियों के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बना।

शिक्षकों ने भी बढ़ाया बच्चों का उत्साह

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और खेलों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।

Leave a Comment