श्रीलंका को 86 रन से हराकर भारत दिव्यांग क्रिकेट टीम ने दर्ज की शानदार जीत

 

 

  • बियॉन्ड लिमिट ट्रॉफी फिजिकल डिसेबिलिटी क्रिकेट टी-20 में भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन
  • भारत ने पहले बल्लेबाजी कर 140 रन बनाए, जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 54 रन पर सिमटी
  • राधिका प्रसाद ने 13 रन देकर झटके 4 विकेट, विंटू यादव ने भी 3 विकेट लेकर निभाई अहम भूमिका

 

कानपुर, 1 नवंबर।

बियॉन्ड लिमिट ट्रॉफी फिजिकल डिसेबिलिटी क्रिकेट टी-20 प्रतियोगिता में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 86 रन से करारी शिकस्त दी। चेन्नई के सीएसके हाई परफॉर्मेंस सेंटर (CSK HPC) में 1 नवंबर को खेले गए लीग मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अपना दबदबा कायम रखा।

भारत ने बनाए 140 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए। टीम की ओर से ए. शनमुगम ने नाबाद 32 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। शिवशंकर जीएस ने 31 रन और विक्रमजीत ने 24 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। माजिद मगराय ने भी 9 गेंदों पर 16 रन की तेज पारी खेली।

राधिका प्रसाद और विंटू यादव की घातक गेंदबाजी

141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.3 ओवर में महज 54 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से राधिका प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 13 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। विंटू यादव ने 4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके। नरेंद्र मंगोरे ने भी एक विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी को झकझोर दिया।

इस तरह भारत ने 86 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Comment