यूनाइटेड चैम्पियंस लीग में ए-टीम और ऑरेंज आर्मी का शानदार प्रदर्शन

 

 

  • प्रिंस श्रीवास्तव के अर्धशतक से ए-टीम ने स्कोरिंग विल्लोज़ को 17 रन से हराया, अमित करमचंदानी के ऑलराउंड खेल से ऑरेंज आर्मी 2 विकेट से जीती

 

कानपुर, 1 नवंबर।

यूनाइटेड चैम्पियंस लीग (सीजन-2) के अंतर्गत रविवार को खेले गए लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन के पहले मुकाबले में ए-टीम यूसीएल ने स्कोरिंग विल्लोज़ को 17 रनों से शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में ऑरेंज आर्मी यूसीएल ने रोमांचक संघर्ष के बाद वोक्सेल वैलिएंट्स को 2 विकेट से पराजित किया।

प्रिंस श्रीवास्तव की अर्धशतकीय पारी से ए-टीम को मिली जीत

राकेश मसाला ग्राउंड पर खेले गए पहले मुकाबले में स्कोरिंग विल्लोज़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। ए-टीम यूसीएल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 182 रन बनाए। टीम की ओर से प्रिंस श्रीवास्तव ने 68 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 59 रनों की शानदार पारी खेली। संकल्प रस्तोगी ने 27 और कप्तान आशु आकाश ने 25 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। स्कोरिंग विल्लोज़ की ओर से माधव सिंह सोलंकी ने तीन विकेट, जबकि अमर गुप्ता और अजय ठाकुर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कोरिंग विल्लोज़ की टीम 28.2 ओवर में 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अंकुर ने 48 और अजय ठाकुर ने 47 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। ए-टीम की ओर से निखिल विश्वकर्मा ने तीन विकेट झटके, जबकि कुलदीप सिंह और शिवम पांडे ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

अमित करमचंदानी और सत्यम ने पलटा मैच का रुख

टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में वोक्सेल वैलिएंट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। ऑरेंज आर्मी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को 26.2 ओवर में 119 रनों पर समेट दिया। उमाशंकर वर्मा ने 40 और शुभम तिवारी ने 21 रन बनाए। ऑरेंज आर्मी की ओर से अमित करमचंदानी ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, वहीं देवेंद्र सिंह ने महज नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑरेंज आर्मी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 93 रन पर सात विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल समय में अमित करमचंदानी ने 54 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाकर टीम को संभाला। वहीं सत्यम ने मात्र 13 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रनों की तूफानी पारी खेलकर मुकाबले का रुख बदल दिया। ऑरेंज आर्मी ने 25.1 ओवर में आठ विकेट खोकर 122 रन बनाते हुए दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।

दिन के मुकाबलों में बल्लेबाजी और गेंदबाजी का शानदार संतुलन देखने को मिला। ए-टीम की जीत में प्रिंस श्रीवास्तव की बल्लेबाजी और निखिल विश्वकर्मा की गेंदबाजी निर्णायक रही, जबकि ऑरेंज आर्मी के लिए अमित करमचंदानी का ऑलराउंड प्रदर्शन और सत्यम की आक्रामक बल्लेबाजी जीत की वजह बनी।

Leave a Comment