- यूपीसीए कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और जय कुमार ने किया टूर्नामेंट का शुभारंभ
- उद्घाटन मुकाबलों में स्कोरिंग विलोज यूसीएल और नाइट स्कॉर्चर्स यूसीएल ने दर्ज की जीत
कानपुर, 2 अक्टूबर।
शहर में शुक्रवार को यूनाइटेड चैंपियंस लीग (UCL) सीजन-2 का आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और जय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों एवं आयोजकों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. मानस शुक्ला, सुमित मंध्यान, वरुण कटारिया और नीलेश दुसेजा के संयोजन में किया जा रहा है। उद्घाटन मुकाबलों में स्कोरिंग विलोज यूसीएल और नाइट स्कॉर्चर्स यूसीएल ने जीत के साथ अभियान की शुरुआत की।
अजय ठाकुर के ऑलराउंड प्रदर्शन से स्कोरिंग विलोज की जीत
राकेश मसाला ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में स्कोरिंग विलोज यूसीएल ने पिच राइडर्स यूसीएल को चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पिच राइडर्स की टीम 17.1 ओवर में 100 रन पर सिमट गई। आरिश ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाए।
स्कोरिंग विलोज की ओर से अजय ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में एक मेडन के साथ 13 रन देकर चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कोरिंग विलोज की शुरुआत खराब रही और टीम ने 19 रन पर चार विकेट गंवा दिए।
इसके बाद अभिषेक विज ने 48 रन और अजय ठाकुर ने नाबाद 35 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। दोनों ने टीम को संभालते हुए 23.1 ओवर में छह विकेट पर 104 रन तक पहुंचाया और चार विकेट से जीत दर्ज की। पिच राइडर्स की ओर से शिवांशु दीक्षित ने चार और अभिजीत सिंह ने दो विकेट लिए।
अविनाश के तूफानी शतक से नाइट स्कॉर्चर्स की जीत
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में जेबीके 11 यूसीएल ने टॉस जीतकर नाइट स्कॉर्चर्स यूसीएल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नाइट स्कॉर्चर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अविनाश कुमार ने 77 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 108 रन की शानदार पारी खेली।
मध्यक्रम में क्षितिज ने 32 गेंदों पर 35 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत नाइट स्कॉर्चर्स ने निर्धारित 30 ओवर में छह विकेट पर 194 रन बनाए। जेबीके 11 की ओर से उदित खंडेलवाल और जतिन ने दो-दो विकेट लिए।
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेबीके 11 की टीम 27.3 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। आदित्य शर्मा ने 34 और रोहित गुप्ता ने 32 रन बनाए। नाइट स्कॉर्चर्स के कप्तान अनुराग पांडे ने 27 रन देकर चार विकेट लिए। मिशन गुप्ता ने तीन और अर्पित तिवारी ने दो विकेट हासिल किए। इस तरह नाइट स्कॉर्चर्स ने मुकाबला 35 रन से जीत लिया।