- यूसीएल (समर स्पेशल) में रोमांच का तड़का, करीबी मुकाबलों ने बढ़ाया उत्साह
कानपुर, 3 मई।
यूनाइटेड चैंपियंस लीग (समर स्पेशल) के तहत खेले गए मुकाबलों में क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। शहर के विभिन्न मैदानों पर खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए आखिरी गेंद तक संघर्ष किया।
पिच रेडर्स ने 1 रन से जीता रोमांचक मुकाबला
नरैना ग्राउंड पर खेले गए मैच में पिच रेडर्स ने मेट्रो स्टॉर्म राइडर्स को मात्र 1 रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए पिच रेडर्स ने 188/7 का स्कोर बनाया, जवाब में विपक्षी टीम 187/9 तक ही पहुंच सकी। प्रीट (51) और अंकित (47) की बल्लेबाजी तथा शिवंशु दीक्षित के 4 विकेट निर्णायक साबित हुए।
तिरंगा ए-टीम की एकतरफा जीत
एवरेस्ट क्रिकेट ग्राउंड पर तिरंगा ए-टीम ने उद्योग वारियर्स को 9 विकेट से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। उद्योग वारियर्स की टीम मात्र 80 रन पर सिमट गई, जिसे तिरंगा ए-टीम ने 8.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। पार्थ तिवारी की नाबाद 36 रन की पारी और अर्पण तिवारी व राहुल ठाकुर की घातक गेंदबाजी (3-3 विकेट) ने जीत आसान बनाई।
माइटी मावेरिक्स ने 5 विकेट से मारी बाजी
जेएमडी वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड पर माइटी मावेरिक्स ने एचएस फोटोग्राफी को 5 विकेट से हराया। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 18.4 ओवर में 162/5 रन बनाकर जीत हासिल की। राज आर्यन (53) की शानदार बल्लेबाजी और सौरभ की 3 विकेट की गेंदबाजी अहम रही।
ऑरेंज आर्मी का संतुलित प्रदर्शन
बीसीए गंगा बैराज मैदान पर ऑरेंज आर्मी ने जेबीके 11 को 22 रन से हराया। 168/8 का स्कोर खड़ा करने के बाद गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को 146 रन पर समेट दिया। सत्यम (49) और उदित खंडेलवाल (4 विकेट) ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
फ्रेंड्स 11 की आसान जीत
एसएसीजी ग्राउंड, उन्नाव में फ्रेंड्स 11 ने सुविद्धा ट्रैवल्स को 6 विकेट से हराया। 132 रन के लक्ष्य को टीम ने 17.5 ओवर में हासिल कर लिया। चरण प्रीत की 61 रन की शानदार पारी और रमन भुल्लर के 3 विकेट निर्णायक रहे।