डीपीएस बर्रा और श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर ने जीती केएसएस जोन-बी टेबल टेनिस चैंपियनशिप

 

 

  • सीएचएस गुरुकुलम में दो दिवसीय प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान
  • बालिका वर्ग में डीपीएस बर्रा और बालक वर्ग में श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर बने टीम चैंपियन, आदित्य और आराध्या ने एकल वर्ग में मारी बाजी

 

कानपुर, 18 जुलाई।

सीएचएस गुरुकुलम, मोहनपुरम में 17 एवं 18 जुलाई को आयोजित केएसएस अंतर विद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता (जोन-बी) बालक एवं बालिका (ओपन) का शनिवार को भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सभापति एवं पूर्व सांसद चौधरी सुखराम सिंह यादव ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं।

प्रतियोगिता की टीम चैंपियनशिप में बालिका वर्ग का खिताब डीपीएस बर्रा ने अपने नाम किया, जबकि बालक वर्ग में श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर चैंपियन बना। व्यक्तिगत स्पर्धा में बालक एकल का खिताब श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर के आदित्य ने जीता, जबकि बालिका एकल में डीपीएस बर्रा की आराध्या विजेता रहीं।

समारोह में श्रीमती नीता चौधरी (संरक्षिका, सीएचएस एजुकेशन फाउंडेशन), श्रीमती नीलू कटियार (क्रीड़ा भारती प्रांत मंत्री एवं राष्ट्रीय सेविका समिति प्रांत सेवा प्रमुख, कानपुर प्रांत) तथा श्रीमती ज्योति विज (प्रधानाचार्या, सीएचएस गुरुकुलम) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंत में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागी विद्यालयों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अधिकारियों और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment