- अंतर मंडलीय राज्य फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए कानपुर मंडल की टीम का होगा चयन
कानपुर, 19 जुलाई।
खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली जूनियर बालक अंतर मंडलीय राज्य फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए कानपुर मंडल की टीम के चयन हेतु 23 और 24 जुलाई को ग्रीन पार्क स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ी 1 से 8 अगस्त तक मेरठ में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सायं तीन बजे से शुरू होगा ट्रायल
जिला फुटबॉल एसोसिएशन कानपुर नगर की ओर से जारी सूचना के अनुसार ट्रायल दोनों दिन सायं 3 बजे से ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा। चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनकी तकनीकी क्षमता, फिटनेस और खेल कौशल के आधार पर किया जाएगा।
इन खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर
ट्रायल में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच है। आयु संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य होगा।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी
प्रतिभागी खिलाड़ियों को नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र (जो जन्म के एक वर्ष के भीतर बना हो), मूल आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल किया जाएगा।
समय से पहले करें संपर्क
जिला फुटबॉल एसोसिएशन ने इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी के लिए फुटबॉल प्रशिक्षक शरद जैसवाल, जावेद शेख एवं आशिक इकबाल से समय रहते संपर्क कर लें, ताकि ट्रायल प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।