रोमांचक फाइनल में शम्सी पैराडाइस बना पहला चैंपियन

 

 

 

  • शम्सी सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर जीता शम्सी समर कप डे-नाइट टूर्नामेंट का खिताब

 

कानपुर, 19 जुलाई।

आज़मी शज़र और रागिब शकील के संयुक्त आयोजन में खेले गए शम्सी समर कप डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शनिवार को जेएमडी ग्राउंड में रोशनी के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में शम्सी पैराडाइस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शम्सी सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर टूर्नामेंट के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया।

अब्दुल मालिक की शानदार पारी

फाइनल में शम्सी पैराडाइस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शम्सी सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए। टीम की ओर से अब्दुल मालिक ने शानदार 74 रनों की पारी खेली, जबकि अब्दुल वाहिद ने 49 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

फहद मजीद ने दिलाई यादगार जीत

186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शम्सी पैराडाइस की टीम ने संयम और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाया। टीम ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 189 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। विजयी टीम की ओर से फहद मजीद ने 59 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

अक्टूबर से शुरू होगा शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-14

टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया कि अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें शम्सी प्रीमियर लीग (एसपीएल) सीजन-14 पर रहेंगी। डे-फॉर्मेट में खेले जाने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में इस बार 9 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें शम्सी फाल्कन्स, शम्सी रेंजर्स, शम्सी पैराडाइस, शम्सी पावर हिटर्स, शम्सी ब्लीड ब्लू, शम्सी नाइट राइडर्स, शम्सी थंडर स्टार्स, शम्सी पैंथर्स और शम्सी सुपर किंग्स शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन अक्टूबर से शुरू होकर जनवरी तक चलेगा।

टूर्नामेंट और आगामी शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-14 की जानकारी साहिल रहमान द्वारा उपलब्ध कराई गई।

Leave a Comment