- दीपक कुमार कनौजिया ने जीता गोल्ड और सिल्वर, पार्थ सारथी ने राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
कानपुर, 19 जुलाई।
उत्तराखंड की त्रिशूल शूटिंग अकादमी में 13 से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल कप ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया। विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग अकादमी, बर्रा-8 के पैरा रायफल शूटर एवं एएलआईएमसीओ (ALIMCO) कानपुर में कार्यरत दीपक कुमार कनौजिया ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दीपक ने दो स्पर्धाओं में जीते दो पदक
दीपक कुमार कनौजिया ने 50 मीटर राइफल .22 थ्री पोजिशन (एसएच-1 पैरा वर्ग) में शानदार निशानेबाजी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग (एसएच-1 पैरा वर्ग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
पार्थ सारथी ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
अकादमी के एक अन्य प्रतिभाशाली निशानेबाज पार्थ सारथी ने सब-यूथ 10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 69वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। उनकी इस उपलब्धि से अकादमी और शहर में खुशी का माहौल है।
मुख्य अतिथियों ने किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सुभाष राणा, जूरी सदस्य दिलराज कौर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया और आगामी राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।
कोच मोहम्मद उमर के मार्गदर्शन में मिली सफलता
अकादमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पैरा रायफल शूटर एवं पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर के मार्गदर्शन में अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने यह भी बताया कि अलीगढ़ के सब-यूथ पैरा रायफल शूटर खुजेमा उरूज ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर पदकों की हैट्रिक पूरी की।
खिलाड़ियों को दी गई बधाई
अकादमी की संयोजक श्रीमती संध्या देवी और डॉ. देवेंद्र सिंह सहित सभी सदस्यों ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।