कानपुर में पहली बार क्लासिकल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आगाज

 

 

  • नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से कानपुर चेस एसोसिएशन की पहल
  • दो राउंड के बाद ऋषभ निषाद, श्रेष्ठ यादव, सत्येंद्र सिंह और अभिजीत गुरहा संयुक्त बढ़त पर

 

कानपुर, 13 जून।

कानपुर चेस एसोसिएशन द्वारा शहर में पहली बार क्लासिकल ओपन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गोविंद नगर स्थित वैदिक धर्म सभा में शुरू हुई इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में 11 वर्ष से लेकर 72 वर्ष तक की आयु के कुल 34 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। प्रतियोगिता में पांच राउंड खेले जाएंगे, जिसमें प्रत्येक मुकाबला 30 मिनट + 30 सेकंड की समय सीमा के साथ खेला जा रहा है। सभी खिलाड़ियों के लिए नोटेशन करना अनिवार्य रखा गया है।

शनिवार को प्रतियोगिता के दो राउंड संपन्न हुए, जबकि शेष तीन राउंड के मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 10 हजार रुपये निर्धारित की गई है। विजेता को 3 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 2 हजार, 1500, 1200 और 1000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ वरिष्ठ खिलाड़ी को 1000 रुपये नकद तथा सबसे कम उम्र के खिलाड़ी को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में आर्बिटर की जिम्मेदारी बाल गोविंद अवस्थी निभा रहे हैं, जबकि विकास निषाद सहायक आर्बिटर के रूप में सहयोग कर रहे हैं।

दो राउंड के बाद शीर्ष खिलाड़ी

दो अंकों के साथ ऋषभ निषाद, श्रेष्ठ यादव, सत्येंद्र सिंह और अभिजीत गुरहा संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। वहीं 1.5 अंकों के साथ विकास निषाद, अरुण प्रताप सिंह, लक्ष्य पालीवाल, सुरेंद्र कुमार और राघव दुबे खिताबी दौड़ में बने हुए हैं।

Leave a Comment