- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के तहत आयोजित विशेष योग सत्र में बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
- योग, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश लेकर बच्चों ने किया नियमित अभ्यास का संकल्प
कानपुर, 17 जून ।
उड़ान सेवा संस्थान द्वारा संचालित निशुल्क अनौपचारिक शिक्षा केंद्र “मस्ती की पाठशाला” में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” पर आधारित विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग गुरु दीक्षा गुप्ता एवं आकृत बाजपेई ने बच्चों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग सत्र के दौरान बच्चों ने अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। वहीं आकृत बाजपेई द्वारा प्रस्तुत योग आर्टिस्टिक सोलो प्रदर्शन बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा, जिससे उन्हें योग की नई विधाओं को सीखने का अवसर मिला।

इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष उषा तिवारी ने कहा कि योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ एवं निरोग जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक व्यवहार व्यक्ति को अनेक बीमारियों से दूर रखने में सहायक होते हैं। योग के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा नियमित रूप से योग एवं व्यायाम करने का संकल्प लिया। इस दौरान संस्थान में इंटर्न के रूप में जुड़ी अदिति शर्मा ने बच्चों को पेंसिल बॉक्स वितरित किए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की अध्यक्ष द्वारा योग गुरु दीक्षा गुप्ता एवं आकृत बाजपेई को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पाठशाला की अध्यापिका उर्मिला गौतम, अदिति शर्मा, नीलम सहित अन्य सहयोगियों की उपस्थिति रही।