- शौर्य उपाध्याय की संघर्षपूर्ण पारी बेकार, मो. हन्जला और टीम के शानदार प्रदर्शन से मिली जीत
कानपुर, 26 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्व० मोतीराम (एडवोकेट, पूर्व विधायक) अण्डर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए मुकाबले में अरूण अवस्थी एकादश ने एम०एल० भटनागर एकादश को 43 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अरूण अवस्थी एकादश ने 34.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 176 रन बनाए। टीम की ओर से कान्हा भाटिया ने 33, वीर सिंह ने 32 एवं अहान साहू ने 20 रन का योगदान दिया। एम०एल० भटनागर एकादश की ओर से केशव द्विवेदी ने 33 रन देकर 3 विकेट तथा ईशु सचान ने 22 रन पर 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एम०एल० भटनागर एकादश की टीम 29.1 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शौर्य उपाध्याय ने शानदार 72 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। अरूण अवस्थी एकादश की तरफ से मो० हन्जला ने 20 रन देकर 2 विकेट एवं माधव गुप्ता ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 8 रन पर 1 विकेट लिया।
इस जीत के साथ अरूण अवस्थी एकादश ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।