- सब जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबला, जीत से चूकी कानपुर की टीम
- अंतिम मिनट में लखनऊ के गोल से कानपुर की नॉकआउट की उम्मीदें हुईं खत्म
कानपुर, 11 सितंबर।
आगरा के एकलव्य स्टेडियम में चल रही सब जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में कानपुर मंडल और लखनऊ मंडल के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। कानपुर के लिए दोनों गोल शौर्य सागर ने किए। इस ड्रॉ के साथ कानपुर की नॉकआउट चरण में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गईं।
कानपुर को नॉकआउट चरण में जगह बनाने के लिए इस मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करना जरूरी था। टीम के कोच ने खिलाड़ियों को शुरुआत से ही आक्रामक खेल खेलने के निर्देश दिए। कानपुर ने मैच के शुरुआती मिनटों से ही लखनऊ के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। मिडफील्डर एवं कप्तान नवजोत के शानदार पास पर शौर्य सागर ने गोल कर कानपुर को 1-0 की बढ़त दिलाई।

हालांकि, बढ़त ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी। लखनऊ ने काउंटर अटैक करते हुए 24वें मिनट में गोल कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। पहले हाफ का खेल इसी स्कोर पर समाप्त हुआ।
दूसरे हाफ में भी कानपुर ने कई अच्छे मौके बनाए। मैच के 50वें मिनट में शौर्य सागर ने पेनल्टी एरिया के बाहर से शानदार शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल दागा और कानपुर को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद लखनऊ ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए।
मैच के अंतिम मिनट में लखनऊ को गोलपोस्ट से करीब 25 गज की दूरी पर फ्री-किक मिली। लखनऊ के खिलाड़ी ने शानदार किक लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। कानपुर के गोलकीपर इसे रोक नहीं सके और मुकाबला 2-2 से बराबर हो गया। इस परिणाम के साथ कानपुर के नॉकआउट चरण में पहुंचने के सभी रास्ते बंद हो गए।
पूरे टूर्नामेंट में पीयूष, अथर्व, नवजोत, शौर्य सागर और देवांश ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम के साथ अजीत सिंह, टीम कोच एवं नेशनल खिलाड़ी अमित नारंग और आसिफ इकबाल, मैनेजर अमित वर्मा, विकासदीप और सागरदीप मौजूद रहे।
Sub Junior State Football Championship, Kanpur Football Team, Lucknow Football Team, Football Match, Eklavya Stadium Agra, Shourya Sagar, Football Tournament, Counter Attack, Free Kick, Knockout Stage, Uttar Pradesh Football, Young Footballers