ट्रांस गंगा सिटी में 13 सितंबर को होंगे राज्य स्तरीय साइकिलिंग ट्रायल

 

 

  • माउंटेन बाइक और ट्रैक साइकिलिंग के चयन ट्रायल में प्रदेशभर के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
  • राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन, सुबह 8 बजे रिपोर्टिंग

 

कानपुर, 11 सितंबर।

उत्तर प्रदेश राज्य माउंटेन बाइक साइकिलिंग ट्रायल एवं उत्तर प्रदेश राज्य ट्रैक साइकिलिंग ट्रायल का आयोजन 13 सितंबर 2026 (रविवार) को ट्रांस गंगा सिटी के गेट नंबर-2 के अंदर किया जाएगा। दोनों चयन ट्रायल सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होंगे। माउंटेन बाइक साइकिलिंग ट्रायल 4 किलोमीटर के रोड सर्किट में कराया जाएगा।

इन राज्य स्तरीय ट्रायल में पुरुष एवं महिला वर्ग के अलावा अंडर-23, जूनियर, सब-जूनियर और यूथ वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को आयु प्रमाण पत्र, हाईस्कूल प्रमाणपत्र/मार्कशीट की मूल प्रति के साथ एक-एक छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से बालक और बालिका खिलाड़ी ट्रायल में हिस्सा लेंगे। सभी खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स को प्रतियोगिता स्थल पर सुबह 8 बजे रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है। प्रतिभागियों को अपनी साइकिल और हेलमेट स्वयं लेकर आना होगा।

चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। ट्रायल के आयोजन के लिए आरएसओ अयोध्या के अधीन साइकलिंग कोच एवं एनआईएस कोच अवधेश कुमार विश्वकर्मा को साइकलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टि में नाम, पिता का नाम, पता, पिनकोड, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी दर्ज कर श्री आर.के. गुप्ता के मोबाइल नंबर 9450935050 अथवा श्री ब्रजेश शुक्ला के मोबाइल नंबर 6394352858 पर भेज सकते हैं। ट्रायल से संबंधित अन्य जानकारी के लिए भी इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

 

Leave a Comment