- सत्यवीर गुप्ता स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में सदर्न और स्काई क्लब को मिली हार, नेशनल 83 और रोलैण्ड 82 रन से जीता
कानपुर, 11 नवंबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) से आबद्ध स्पोर्टिंग यूनियन क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित सत्यवीर गुप्ता स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को कानपुर साउथ, किदवई नगर मैदान पर दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें नेशनल क्लब और रोलैण्ड क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
नेशनल क्लब ने सदर्न को 83 रन से हराया
पहले क्वार्टर फाइनल में नेशनल क्लब ने 17.1 ओवर में 137 रन बनाए। अश्वनी ने 44 और अनिवेश सिंह ने 27 रन का योगदान दिया। सदर्न क्लब की ओर से उज्ज्वल और आदर्श त्रिपाठी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
जवाब में सदर्न क्लब की टीम 16.4 ओवर में 54 रन पर सिमट गई। दिव्यांश सिंह ने तीन विकेट, संतोष गुप्ता और विमल गुप्ता ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को धराशायी कर दिया। नेशनल क्लब ने 83 रन से मुकाबला अपने नाम किया। दिनेश सिंह को Player of the Match चुना गया।
रोलैण्ड क्लब ने स्काई क्लब को 82 रन से दी शिकस्त
दूसरे क्वार्टर फाइनल में रोलैण्ड क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 172 रन बनाए। गोपाल सिंह ने 41, अर्पित भदौरिया ने 35, आदित्य राज ने 25 और सात्विक शर्मा ने नाबाद 20 रन बनाए। स्काई क्लब की ओर से आयुष कुमार पाल ने तीन और राजवर्द्धन ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्काई क्लब की टीम 18.4 ओवर में 90 रन पर ऑलआउट हो गई। अभिषेक दीक्षित ने 17 और वीर सिंह ने 16 रन बनाए। रोलैण्ड क्लब की ओर से अर्पित भदौरिया ने तीन, कुलदीप सिंह, फरजान अली और सात्विक शर्मा ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 82 रन से जीत दिलाई। अर्पित भदौरिया को Player of the Match चुना गया।