- चेक गणराज्य में शानदार प्रदर्शन से जीता दूसरा GM नॉर्म, उत्तर प्रदेश के पहले ग्रैंडमास्टर बनने से अब सिर्फ एक कदम दूर
- चेक गणराज्य में दिखाया दमदार खेल
कानपुर/नोएडा, 9 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के 15 वर्षीय अंतर्राष्ट्रीय मास्टर (आईएम) अजय संतोष पार्वथारेड्डी ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज जगत में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करते हुए दूसरा ग्रैंडमास्टर (GM) नॉर्म हासिल कर लिया है। चेक गणराज्य के सेस्के बुदेजोविस चेस फेस्टिवल-2026 के जीएम ग्रुप में अजय ने 9 राउंड में 6.5 अंक जुटाकर यह उपलब्धि हासिल की। अब वह प्रतिष्ठित ग्रैंडमास्टर खिताब पाने से महज एक नॉर्म दूर हैं।
ग्रैंडमास्टरों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान अजय ने 2608 रेटिंग वाले ग्रैंडमास्टर एंटोन कोरोबोव के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबला ड्रॉ खेला। वहीं 2432 रेटिंग वाले ग्रैंडमास्टर मिसा पैप को पराजित कर बड़ी जीत दर्ज की तथा 2457 रेटिंग वाले ग्रैंडमास्टर फिलिप हारिंग के खिलाफ भी मुकाबला ड्रॉ कराया। शानदार प्रदर्शन के चलते उनकी लाइव ईलो रेटिंग में 12.6 अंकों की बढ़ोतरी हुई और उन्होंने दूसरा जीएम नॉर्म अपने नाम कर लिया।
अनोखे अंडर-प्रमोशन ने बटोरी सुर्खियां
प्रतियोगिता के दूसरे राउंड में अजय ने काले मोहरों से खेलते हुए विदेशी इंटरनेशनल मास्टर एंटोनी बूर्नेल को हराया। इस मुकाबले में उन्होंने प्यादे को वज़ीर बनाने के बजाय जानबूझकर ऊँट (बिशप) में प्रमोट कर अनोखा अंडर-प्रमोशन किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय शतरंज जगत में खूब चर्चा हुई। तीसरे दौर में उनका मुकाबला आईएम हर्ष सुरेश के साथ ड्रॉ रहा।
पहले भी कर चुके हैं शानदार प्रदर्शन
इससे पहले अजय ने अज़रबैजान में आयोजित प्रतिष्ठित बाकू ओपन इंटरनेशनल चेस फेस्टिवल-2026 में अपराजित रहते हुए दूसरा स्थान हासिल किया था और अपना पहला जीएम नॉर्म प्राप्त किया था। इसके बाद चेन्नई सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी रेटिंग और प्रदर्शन दोनों में उल्लेखनीय सुधार किया।
ग्रैंडमास्टर बनने की दहलीज पर
उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ (UPCSA) से पंजीकृत नोएडा निवासी अजय संतोष ने वर्ष 2025 में सर्बिया में अपना अंतिम आईएम नॉर्म पूरा कर उत्तर प्रदेश के पांचवें अंतर्राष्ट्रीय मास्टर बनने का गौरव हासिल किया था। उनकी लाइव ईलो रेटिंग अब 2500 अंकों के पार पहुंच चुकी है, जो ग्रैंडमास्टर बनने की अनिवार्य शर्तों में शामिल है। अब उन्हें केवल एक और जीएम नॉर्म की आवश्यकता है।
खेल जगत में खुशी की लहर
यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव ए.के. रायजादा ने अजय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह जल्द ही उत्तर प्रदेश के पहले ग्रैंडमास्टर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उनके कोच लोकेश्वर राव मोगी ने अजय की मानसिक दृढ़ता, आक्रामक खेल शैली और एंडगेम कौशल की सराहना की। वहीं उनके माता-पिता ने इसे वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया।