- ‘दीपक गौड़ अवार्ड’ और ‘गुरु सम्मान’ से खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान, राष्ट्रीय रेफरियों को भी मिला सम्मान पत्र
कानपुर, 8 जुलाई।
कानपुर ताइक्वांडो संघ का 46वां स्थापना दिवस एवं संस्थापक सदस्य स्वर्गीय दीपक गौड़ की 19वीं पुण्यतिथि बुधवार को जी.एन.के. इंटर कॉलेज में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीपक गौड़ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उनके योगदान को याद करते हुए ताइक्वांडो के विकास में उनकी भूमिका को सराहा।

राष्ट्रीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओ.ई.एफ. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहित दुबे तथा विशिष्ट अतिथि वरुण मल्होत्रा ने राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पदक विजेता राम गोपाल बाजपेई और आराध्या को ‘दीपक गौड़ अवार्ड’ से सम्मानित किया। वहीं एस.एन. सेन बालिका डिग्री कॉलेज की क्रीड़ा प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति पांडे को खेल एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘गुरु सम्मान’ प्रदान किया गया।
रेफरी और प्रशिक्षकों को मिला सम्मान
संघ से संबद्ध स्कूलों, क्लबों एवं अकादमियों के प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर चयनित रेफरी स्पर्श सिंह, सतीश कुमार और अपर्णा दुबे को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की गई।
महासचिव ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर कानपुर ताइक्वांडो संघ के महासचिव प्रदीप सिंह चौहान ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ पिछले 46 वर्षों से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में रहे मौजूद
कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष दिनेश दीक्षित, अविनाश चंद्र द्विवेदी, प्रयाग सिंह, कपिल दुबे, अतुल दुबे, अपर्णा दुबे, आयुष मिश्रा, दीक्षा निगम, राज किशोर शुक्ला, अरविंद शुक्ला, पवन सूर्यवंशी, वकील अहमद सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।