कल से शुरू होगी विमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी, छह टीमों के बीच होगा खिताबी मुकाबला

 

 

  • 89 खिलाड़ियों की भागीदारी, रंगीन किट और व्हाइट बॉल से खेले जाएंगे 35-35 ओवर के मैच
  • स्पार्क इंटरनेशनल और ओक रिज परफ्यूम के बीच होगा उद्घाटन मुकाबला, अंडर-19, अंडर-23 एवं सीनियर बोर्ड ट्रॉफी खिलाड़ियों को नहीं मिली अनुमति

 

कानपुर, 5 जुलाई।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही विमेन्स चैंपियंस ट्रॉफी का शुभारंभ 6 जुलाई से होगा। प्रतियोगिता में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें स्पार्क इंटरनेशनल, ओक रिज परफ्यूम, रवनीत टिफिन सर्विसेज, श्री भगत जी वॉरियर्स, फोर सीजन और एवीआई फाउंडेशन शामिल हैं। टूर्नामेंट में कुल 89 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता के सभी मुकाबले रंगीन किट और व्हाइट बॉल से 35-35 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम को लीग चरण में तीन-तीन मैच खेलने का अवसर मिलेगा, जिसके आधार पर शीर्ष टीमें अगले दौर के लिए क्वालीफाई करेंगी।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 6 जुलाई को सुबह 7:30 बजे से आरपीसीए ग्राउंड, श्याम नगर में स्पार्क इंटरनेशनल और ओक रिज परफ्यूम के बीच खेला जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच मिलेगा और महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी।

टूर्नामेंट की विशेषता यह है कि इसमें अंडर-19, अंडर-23 एवं सीनियर बोर्ड ट्रॉफी की खिलाड़ियों को भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई है, जिससे उभरती हुई प्रतिभाओं को अधिक अवसर मिल सकें।

 

Leave a Comment