- विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, कानपुर के रेफरी एवं ऑफिशियल्स की भूमिका रही सराहनीय
- मॉडल पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, विजेताओं को पदक देकर किया गया सम्मानित
कानपुर/लखनऊ, 5 जुलाई।
मॉडल पब्लिक स्कूल, फरीदीपुर, दुर्गा, लखनऊ में आयोजित सीआईएससीई यूपी जोनल ताइक्वांडो चैम्पियनशिप-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या गुंजन खत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का संचालन लखनऊ स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो तथा उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के निर्देशन में किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सैयद रफत रिजवी, कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर भारतीय सेना एवं सर्विसेज ताइक्वांडो टीम के संस्थापक मो. नदीम तथा उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव हरीश पाल भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में कानपुर के शैलेन्द्र खरे, नीरज सिंह, दिव्या बाजपेई एवं दीक्षा पंत ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उनके निष्पक्ष निर्णय, उत्कृष्ट संचालन एवं खेल के प्रति समर्पण की खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजकों द्वारा सराहना की गई।
समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या गुंजन खत्री ने सभी रेफरी, ऑफिशियल्स, कोच एवं आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।