उत्तर प्रदेश के दो निर्णायकों का प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग के लिए चयन

 

 

  • शैवर अली खान और अंशिका यादव नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में निभाएंगे अहम भूमिका
  • 6 से 10 जुलाई तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में होगी प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग, यूपी बॉक्सिंग एसोसिएशन ने जताया गर्व

 

कानपुर/लखनऊ, 29 जून।

उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के लिए गर्व का विषय है कि प्रदेश के दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों (ऑफिशियल्स) का चयन आगामी प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग के लिए किया गया है। एसोसिएशन के महासचिव उपेन्द्र पाण्डेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 से 10 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग के लिए इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) ने उत्तर प्रदेश के दो अनुभवी निर्णायकों को नामित किया है।

चयनित अधिकारियों में बरेली के शैवर अली खान तथा वाराणसी की अंशिका यादव शामिल हैं। दोनों निर्णायकों का चयन उनके लंबे अनुभव, निष्पक्ष निर्णय क्षमता तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट सेवाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग परिवार के लिए सम्मान और गौरव का क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों अधिकारी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी दक्षता, निष्पक्षता और कार्यकुशलता से प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

महासचिव उपेन्द्र पाण्डेय ने भी चयनित निर्णायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन खिलाड़ियों के साथ-साथ तकनीकी अधिकारियों एवं निर्णायकों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के अधिकारी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश में बॉक्सिंग खेल के लगातार बढ़ते स्तर और विकास का प्रमाण है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी प्रदेश के अधिकाधिक खिलाड़ी और अधिकारी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

 

Leave a Comment