- शशि बालान की दमदार बल्लेबाजी और संध्या क्षेत्री की घातक गेंदबाजी बनी जीत की आधारशिला
- 7 विकेट की आसान जीत के साथ क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ ने फाइनल में किया प्रवेश, मंगलवार को कानपुर रेड से होगा खिताबी मुकाबला
कानपुर, 29 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता ‘स्पार्क कप’ के तहत जेके लोको स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर ब्लू को 7 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लखनऊ की जीत में शशि बालान की शानदार बल्लेबाजी तथा संध्या क्षेत्री, अंशु तिवारी और तान्या सिंह की प्रभावी गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर ब्लू की टीम 28.1 ओवर में 70 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से काव्या बन्दोह ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि शिवानी सिंह ने 16 रनों का योगदान दिया। लखनऊ की ओर से अंशु तिवारी ने 12 रन देकर 3 विकेट, तान्या सिंह ने 7 रन देकर 2 विकेट तथा संध्या क्षेत्री ने 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
71 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ ने केवल 12.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शशि बालान ने शानदार 41 रन की पारी खेली, जबकि आयुषी श्रीवास्तव ने 16 रन बनाकर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कानपुर ब्लू की ओर से एंजलीना वर्मा, अनुपम राजपूत और सौम्या पाल को एक-एक विकेट मिला।
मैच में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए संध्या क्षेत्री को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के सचिव कौशल कुमार सिंह ने प्रदान किया।
अब प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 30 जून को प्रातः 7:30 बजे जेके लोको स्टेडियम में क्रिकेट एसोसियेशन ऑफ लखनऊ और कानपुर रेड के बीच खेला जाएगा।