रक्तदान के लिए स्काउट-गाइड की अनोखी पहल, ब्लड डोनर डायरेक्टरी अभियान से जुड़े 100 से अधिक लोग

 

 

  • आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का लक्ष्य
  • जनपदवासियों से स्वैच्छिक रक्तदाता बनकर अभियान से जुड़ने की अपील

कानपुर, 29 जून।

भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के स्काउट केयर कार्यक्रम के अंतर्गत शुरू किए गए “ब्लड डोनर डायरेक्टरी हेतु पंजीकरण अभियान” को जनसहयोग मिल रहा है। अभियान के तहत अब तक 100 से अधिक लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में अपना पंजीकरण कराया है। इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों एवं गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनका जीवन बचाना है।

जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि यह अभियान भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यायुक्त एवं पूर्व आईएएस डॉ. प्रभात कुमार की मानवीय सोच से प्रेरित है। अभियान के माध्यम से समाज में यह संदेश दिया जा रहा है कि “मानव जीवन बेशकीमती है, आपके रक्तदान से किसी परिवार में खुशियां लौट सकती हैं।”

उन्होंने कहा कि रिश्ते केवल खून के नहीं होते, बल्कि सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता से भी बनते हैं। रक्तदान ऐसा ही एक मानवीय कार्य है, जो किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।

मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला मुख्यायुक्त अभिनव जे. जैन (आईएएस) ने जनपदवासियों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद को जीवन देता है, बल्कि रक्तदाता को भी आत्मसंतोष, खुशी और आत्मविश्वास की अनमोल अनुभूति कराता है।

जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि संस्था के पदाधिकारियों, स्काउट-गाइड सदस्यों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक पंजीकरण कराया है। अभियान लगातार जारी है और अधिक से अधिक लोगों को ब्लड डोनर डायरेक्टरी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

इस लिंक पर क्लिक कर करें रजिस्ट्रेशन 

https://forms.gle/LaV274Ub8Mt2HvZs5

Leave a Comment