- थाईलैंड में एशियाई पैसिफिक योगासन खेलों में दिखाएंगे दम
- सबहेड: रुड़की में आयोजित नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में प्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बढ़ी उम्मीदें
कानपुर/रुड़की, 29 जून।
वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासन स्पोर्ट्स इंटरनेशनल (WFFYSI) के तत्वावधान में 26 से 28 जून तक COER यूनिवर्सिटी, रुड़की में आयोजित नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, केरल, कर्नाटक, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने योगासन की बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
उत्तर प्रदेश टीम की ओर से कानपुर की गुनिका रतन, दिव्यांशी और आकृत बाजपेई ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रदेश के योगासन खेल जगत में खुशी की लहर है।
चैंपियनशिप में दीक्षा गुप्ता और विक्रांत सिंह ने नेशनल जज एवं टीम कोच की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
समापन समारोह में वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासन स्पोर्ट्स इंटरनेशनल के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट शिवम भदौरिया, टेक्निकल डायरेक्टर रितु भदौरिया, नेशनल प्रेजिडेंट अंशु सरकार तथा उत्तर प्रदेश के नेशनल जनरल सेक्रेटरी विनय कुमार श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
दीक्षा गुप्ता और विक्रांत सिंह ने पदक विजेता खिलाड़ियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगामी एशियाई पैसिफिक योगासन खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए थाईलैंड में देश का नाम रोशन करेंगे।