मिनीगोल्फ राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की 14 सदस्यीय टीम कानपुर से रवाना

 

 

  • राष्ट्रीय मिनीगोल्फ चैम्पियनशिप में प्रदेश की उम्मीदों का दारोमदार युवा खिलाड़ियों पर
  • 26 से 30 जून तक रायपुर में होगी सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता
  • विधानसभा अध्यक्ष के सचिव और भाजपा नेता ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 

कानपुर, 25 जून।

मिनीगोल्फ सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025-26 में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश की 14 सदस्यीय टीम गुरुवार को कानपुर से रायपुर, छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उत्तर प्रदेश टीम की कमान कप्तान सक्षम ओझा को सौंपी गई है। टीम में अभिमन्यु विश्वकर्मा, यशवीर सिंह, मंगलम शुक्ला, यथार्थ पाल, प्रयाण गुप्ता, युवान जेटली, विवान पुरी, सामवर्त गुप्ता, सिमरन यादव, शिवांशु विश्वकर्मा, रेयान फारूकी एवं अंशु यादव शामिल हैं।

टीम की रवानगी के अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष माननीय सतीश महाना के सचिव सुरेंद्र अवस्थी तथा भाजपा नेता एवं अपोलो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त सचिव आर्यमन बुधोलिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और हरी झंडी दिखाकर टीम को रायपुर के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मिनीगोल्फ संघ के अध्यक्ष वैभव गौड़ ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और इस बार भी उनसे पदक जीतने की पूरी उम्मीद है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मिनीगोल्फ संघ के संयुक्त सचिव यजवेंद्र सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment